यहां गुजरात के एक दंपति की हत्या के आरोप में पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। घटना 18 जून की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पॉश इलाके अरेबियन रेन्चेस में गुजराती कपल के घर चोरी के इरादे से घुसा था। इस दौरान उनकी नींद खुल गई। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों की हत्या कर दी। उनकी बेटी पर भी चाकू से हमला किया गया। वो घायल है, लेकिन हालत खतरे से बाहर है। आरोपी दो साल पहले मेन्टेनेंस के लिए इस घर में आ चुका है।

बड़ी कंपनी में डायरेक्टर थे हिरेन
यूएई के अखबार ‘खलीज टाइम्स’ के मुताबिक, हिरेन और विधि की उम्र 40 साल के करीब थी। इनके दो बच्चे हैं। 18 साल की बेटी और 13 साल का बेटा है। हिरेन शारजाह की एक बड़ी ऑयल कंपनी में डायरेक्टर थे।

कैसे हुई घटना?
घटना 18 जून की रात तब हुई जब परिवार सो रहा था। आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसा। हिरेन के बेडरूम में पहुंचा। वहां पर्स से पैसे निकाले। जब वह दूसरी कीमती चीजें तलाश कर रहा था, तो खटपट की आवाज से हिरेन की नींद खुल गई। उन्होंने आरोपी को पकड़ना चाहा तो उसने चाकू से हमला कर दिया। चीख सुनकर विधि उठीं। आरोपी ने उन पर भी हमला किया। बाद में दोनों की मौत हो गई।

बेटी ने की थी आरोपी को पकड़ने की कोशिश
हिरेन और विधि पर हमले की चीखें सुनकर आरोपी ऊपरी मंजिल की तरफ भागा। यहां कपल की बेटी ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान उसने लड़की पर भी हमला कर दिया। वो घायल हो गई। उसका इलाज चल रहा है। बेटी ने ही दुबई पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी दी।

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी को हिरेन और विधि की बेटी ने देखा था। उसने पुलिस को जानकारी दी। उसे गिरफ्तार किया गया। वह पाकिस्तानी है। दो साल पहले मेन्टेंस के लिए इस घर में आया था। फिलहाल, बेरोजगार है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी थी कि अधिया परिवार अमीर है। इसलिए उसने लूट की साजिश रची।



 from Dainik Bhaskar